मशहूर रैपर, सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर यो यो हनी सिंह शुक्रवार, 16 अक्टूबर को महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हुए। उनसे यह पूछताछ इस साल की शुरुआत में नई दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर दिए गए आपत्तिजनक बयानों के संबंध में दर्ज की गई एक शिकायत के आधार पर की गई है।
दो घंटे तक चली पूछताछ
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हनी सिंह से करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई और उसके बाद उनका बयान भी दर्ज किया गया। मुंबई के एक निवासी द्वारा दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर अछ्वत्य या आपत्तिजनक टिप्पणियां करने की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने मामला दर्ज किया था और उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था।
तीन बार नहीं हुए थे पेश
साइबर सेल से मिली जानकारी के अनुसार, 43 वर्षीय सिंगर को इससे पहले तीन बार समन भेजा गया था, लेकिन वह देश से बाहर होने का हवाला देकर पेश नहीं हुए थे। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें 16 अक्टूबर को पेश होने का निर्देश देते हुए एक और समन जारी किया था। साइबर सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी थी कि अगर वह समन का पालन नहीं करते हैं, तो लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया जा सकता है।
मांग चुके हैं माफी
जनवरी 2026 में दिल्ली में एक कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह के परफॉर्मेंस का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद कई यूजर्स ने उनकी आलोचना की थी। शिकायत के अनुसार, उनके बयानों में कारों में सेक्स को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक संदर्भ शामिल था। ऑनलाइन आलोचना के बाद, एक मुंबई निवासी ने साइबर पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी।
विवाद बढ़ने के बाद, हनी सिंह ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी थी और स्वीकार किया था कि उनके शब्दों के चुनाव से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा था कि उन्होंने Gen Z को ध्यान में रखकर संदेश देने की कोशिश की थी, लेकिन उनके द्वारा इस्तेमाल किया गया तरीका अनुचित था और इसके लिए उन्होंने गहरा खेद व्यक्त किया था।
